10 नवंबर तक कार्रवाई नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन।

भिवंडी

अनधिकृत स्कूलों पर पीपुल्स रिपब्लिकन पार्टी का अल्टीमेटम

भिवंडी महानगर पालिका क्षेत्र में चल रहे 21 अनधिकृत स्कूलों के खिलाफ अब पीपुल्स रिपब्लिकन पार्टी (PRP) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 10 नवंबर तक इन स्कूलों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो मनपा मुख्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अमर अनशन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

मंगलवार को पीआरपी के शहर अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अब्दुल गनी खान के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मनपा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान खान ने बताया कि शिक्षा विभाग ने स्वयं स्वीकार किया है कि शहर में 21 स्कूल बिना किसी सरकारी मान्यता के संचालित हो रहे हैं। बावजूद इसके अब तक न तो किसी स्कूल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है और न ही प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया है। अब्दुल गनी खान ने आरोप लगाया कि अनधिकृत स्कूलों के संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जबकि मनपा का शिक्षा विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों का भविष्य खतरे में है, क्योंकि इन संस्थानों की डिग्री या प्रमाणपत्र किसी मान्यता प्राप्त स्कूल या बोर्ड में मान्य नहीं होंगे।

खान ने स्पष्ट चेतावनी दी — “यदि 10 नवंबर तक इन स्कूलों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो हम मनपा मुख्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अमर अनशन करेंगे।” उन्होंने यह भी मांग की कि जिन स्कूलों के नाम शिक्षा विभाग की सूची में शामिल नहीं हैं, लेकिन वे भी बिना अनुमति के चल रहे हैं, उन्हें भी अनधिकृत घोषित किया जाए और सभी पर समान रूप से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।इस मुद्दे को लेकर शहर में आक्रोश व्याप्त है। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं, वहीं राजनीतिक हलकों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भिवंडी मनपा प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक मौन रहेगा या फिर निर्णायक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *