अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर के भोईवाडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती पर जबरन शादी का दबाव डालने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी बिलाल अहमद शमशाद अहमद खान (उम्र 22 वर्ष, मूल निवासी मुंगरांव, शाहगंज, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में भिवंडी रहता है) पिछले कई महीनों से युवती पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था।
शिकायत के अनुसार, अगस्त 2023 से लेकर 4 नवंबर 2025 की रात लगभग 11:30 बजे तक आरोपी बार-बार मोबाइल फोन के जरिए युवती से संपर्क करने का प्रयास करता रहा। युवती द्वारा स्पष्ट मना करने पर भी आरोपी ने उसे परेशान करना जारी रखा।
घटना के दिन, जब शिकायतकर्ता बाबू चुनी मार्केट पंचवली मस्जिद के पास काम पर जा रही थीं, तभी आरोपी वहां पहुंच गया और उसका हाथ पकड़कर जबरन कहा — “मुझसे शादी कर लो! अगर मेरी शादी नहीं हुई तो मैं किसी और से शादी नहीं करूंगा। अगर तूने किसी और से शादी की तो मैं तुझे जान से मार दूंगा!”
इस धमकी से युवती भयभीत हो गई और तुरंत भोईवाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354(3) और भा.न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत अपराध क्रमांक 646/2025 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी बिलाल खान को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच उपनिरीक्षक संतोष तपासे कर रहे हैं।

