अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर के शांतिनगर क्षेत्र में टोरेंट पावर कंपनी की टीम ने छापा मारकर 1.22 लाख रुपये की बिजली चोरी का खुलासा किया है। कंपनी की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ बिजली अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, शांतिनगर निवासी नागोरी मोहम्मद इरफान सरदार हुसैन और लियाकत सरदार शेख ने आर्थिक लाभ के लिए अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अल्ताफ मिल्क सेंटर, आजाद नगर, शांतिनगर क्षेत्र स्थित अपने परिसर में बिजली मीटरिंग सिस्टम को बायपास कर मिनी सेक्शन पिलर नंबर D-56464 से सीधा कनेक्शन जोड़ लिया था।इस तरह बिना अनुमति बिजली का उपयोग कर टोरेंट पावर कंपनी को 1,22,055 रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया गया। बताया गया कि यह चोरी 12 अगस्त 2024 से 11 अगस्त 2025 के बीच हुई।कंपनी की शिकायत के आधार पर 4 नवंबर 2025 को शांतिनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक राजे कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।टोरेंट पावर कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है बल्कि इससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान भी होता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

