रबोड़ी में दूषित पानी से लोग बीमार, ठाणे कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी

ठाणे महाराष्ट्र



ठाणे, 11 नवंबर (अब्दुल गनी खान)
ठाणे के रबोड़ी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति होने से नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। नाले का गंदा पानी मुख्य पेयजल पाइपलाइन में मिल जाने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों लोग पेट दर्द, उल्टी-दस्त और संक्रमण जैसी बीमारियों से पीड़ित हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पानी का रंग काला हो गया है और उसमें से नाले जैसी बदबू आ रही है। इसके बावजूद नगर प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस गंदे पानी के कारण लोगों को दवाइयों पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।

ठाणे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एड. जावेद शेख ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “यदि रबोड़ी के नागरिकों को तुरंत स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो ठाणे कांग्रेस सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी। गंदे पानी के कारण किसी की जान गई तो उसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी।”

रबोड़ी क्षेत्र के नागरिकों ने नगरपालिका से जल्द से जल्द स्वच्छ पानी की आपूर्ति शुरू करने और दूषित जल की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *