कब्रिस्तान के लिए 10 लाख रुपये की निधि मंजूर
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में सुन्नी जामा मस्जिद कोटेरगेट स्थित स्टडी सेंटर में सांसद बल्या मामा का मंगलवार को गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम वार्ड क्र. 5 के नगरसेवक तव्वाब अंसारी के प्रयासों से आयोजित किया गया, जिन्होंने कोटेरगेट कब्रिस्तान में 4 हाइम्स (मरकरी) लाइट लगाने हेतु सांसद निधि से 10 लाख रुपये की राशि मंजूर कराई है।
कार्यक्रम में कोटेरगेट मस्जिद के मैनेजिंग ट्रस्टी मोहम्मद नसीम रज़ा, हाजी शकील, इजाज शेख सहित कई जिम्मेदारों ने सांसद बल्या मामा, भिवंडी NCP अध्यक्ष शोएब खान गुड्डू एवं नगरसेवक तव्वाब अंसारी का शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर मैनेजिंग ट्रस्टी मोहम्मद नसीम रज़ा ने मस्जिद के लिए सोलर सिस्टम की व्यवस्था, कब्रिस्तान में नई मिट्टी डालने, साइड वॉल रिपेयरिंग एवं पत्रे का शेड बनाने हेतु अतिरिक्त निधि देने की मांग सांसद के समक्ष रखी। उन्होंने इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराए जाने का अनुरोध भी किया।

वहीं समाजसेवी जावेद किरन ने मौलाना अबुल कलाम आज़ाद मैदान में पानी की टांकी निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पानी की टांकी बनने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सांसद बल्या मामा और NCP अध्यक्ष शोएब खान गुड्डू ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए उपलब्ध सांसद निधि के दायरे में सभी कार्यों में पूरा सहयोग किया जाएगा।
अंत में कोटेरगेट मस्जिद के मैनेजिंग ट्रस्टी मोहम्मद नसीम रज़ा ने उपस्थित सभी मेहमानों और समुदाय के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नसीम रज़ा, हाजी शकील, इजाज शेख, हाजी मुज़म्मिल, असलम इंजीनियर, वकास रज़ा, मंज़ूर मोमिन, फारुख़ हसन, नासिर मोमिन, शहज़ाद लाले, आशेर मोमिन, समीर शेख, नेहाल, मुख़्तार अशरफ़ी, अली अशरफ़ी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

