20 नवंबर को जारी होंगी 23 प्रभागों की प्रारूप मतदाता सूचियाँ

भिवंडी

        भिवंडी मनपा चुनाव 2025


भिवंडी निजामपूर शहर महानगरपालिका की आगामी सार्वत्रिक चुनाव-2025 की तैयारियों के तहत 23 प्रभागों की प्रारूप मतदाता सूचियाँ 20 नवंबर 2025 को जारी की जाएंगी। यह जानकारी नगर चुनाव विभाग ने एक प्रेस नोट के माध्यम से दी।

राज्य निर्वाचन आयोग के 13 नवंबर 2025 के निर्देशों के अनुसार तैयार की गई प्रारूप मतदाता सूचियाँ 20 से 27 नवंबर के बीच संबंधित प्रभाग समितियों के कार्यालयों में तथा महानगरपालिका मुख्यालय के चुनाव विभाग में कार्यालयीन समय में नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेंगी।नागरिक निर्धारित शुल्क (प्रति पृष्ठ 2 रुपये) देकर इन सूचियों की प्रतियाँ भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए स्व. परशराम टावरे क्रीडा संकुल, धोबी तलाव, भिवंडी स्थित चुनाव कार्यालय में आवश्यक व्यवस्था की गई है। यह सुविधा भी 20 से 27 नवंबर तक कार्यालयीन समय में जारी रहेगी। प्रारूप मतदाता सूचियों पर आपत्तियाँ और सुझाव इसी अवधि में, यानी 20 से 27 नवंबर तक, संबंधित प्रभाग समितियों के कार्यालयों में स्वीकार किए जाएंगे।मतदाता सूची का फोटोग्राफ रहित संस्करण महानगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट bncmc.gov.in पर भी उपलब्ध रहेगा, जिसे नागरिक देख और डाउनलोड कर सकेंगे।चुनाव प्रक्रिया की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिससे अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *