एक मकान दो लोगों को बेचकर किया ठगी,केस दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी।शहर के पद्मानगर परिसर में रहने वाले एक व्यक्ति पर एक ही मकान दो अलग-अलग लोगों को बेचकर 6.85 लाख रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर भिवंडी शहर पुलिस ने पद्मानगर निवासी प्रसाद मुथैया मेरगु (45) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले के अनुसार, आरोपी प्रसाद मेरगु ने नवीन कणेरी क्षेत्र में स्थित मकान नंबर 328/2/1/जी/3 की 176 वर्ग फुट की खोली एक महिला को बेचने का वादा किया था। 27 जनवरी 2025 को दोनों पक्षों के बीच बिक्री का करार तय हुआ तथा पीड़िता ने 6.85 लाख रुपये की राशि आरोपी को सौंप दी। समझौते के अनुसार खोली का कब्जा निर्धारित समय पर देना था, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

शिकायतकर्ता को शक तब हुआ जब तय समय सीमा के बाद भी उसे खोली का कब्जा नहीं दिया गया। जांच-पड़ताल में सामने आया कि प्रसाद मेरगु ने वही खोली दूसरी महिला, सुरेखा शिकरे, को भी बेच डाली। इस खुलासे के बाद पीड़िता ने भिवंडी शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही मकान दो लोगों को बेचे जाने की यह घटना स्थानीय नागरिकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस उप निरीक्षक ललित पवार इसकी जांच कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *