बरात में चली 20 राउंड हर्ष फायरिंग, गोली लगने से 22 वर्षीय युवती की मौत; दूल्हा और परिजन फरार

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश ब्यूरो
मेरठ। जिले में हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस की नाकामी एक बार फिर सामने आई है। सोमवार रात लिसाड़ीगेट क्षेत्र के श्यामनगर में निकाह समारोह के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वारदात के बाद दूल्हा सहित पूरा परिवार मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, श्यामनगर निवासी मीट कारोबारी शाहनवाज के बेटे शाकिब का सोमवार रात निकाह था। करीब रात 9:30 बजे बरात फफूंडा (लोहियानगर थाना क्षेत्र) रवाना होने वाली थी। इसी दौरान बरात में शामिल कुछ युवकों ने लगभग 20 राउंड हर्ष फायरिंग की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

बरात देखने के लिए अपनी रिश्तेदारी में आई अक्सा (22 वर्ष) अपने दादा समान रिश्तेदार यामीन के घर की छत पर खड़ी थी। अचानक चली गोली उसे लगी और वह छत पर ही गिर पड़ी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के तुरंत बाद दूल्हा शाकिब, उसके परिवारजन और कई बराती मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि—
“हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फरार दूल्हा और अन्य बरातियों की तलाश जारी है।”

युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि इलाके में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *