अब्दुल गनी खान
भिवंडी। महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टोरेंट पावर द्वारा शनिवार, 29 नवंबर को ओसवाल ऑडिटोरियम, भिवंडी में महिला-केंद्रित अर्धवार्षिक कार्यक्रम ‘संगिनी’ के तहत एक विशेष स्वास्थ्य सत्र आयोजित किया गया। “Nourish to Flourish” विषय पर आधारित इस सत्र में 200 से अधिक महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री सुधा शंकरनारायण, डायरेक्टर – आर एंड डी एवं फूड सेफ्टी (एशिया, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका), Papa John’s International रहीं। खाद्य एवं पोषण क्षेत्र में दो दशक से अधिक अनुभव रखने वाली सुधा शंकरनारायण ने आधुनिक जीवनशैली में महिलाओं द्वारा झेलीं जाने वाली पोषण संबंधित चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए संतुलित आहार एवं हेल्दी फूड हैबिट्स को अपनाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं स्वयं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पातीं, जिसके परिणाम गंभीर रूप से सामने आते हैं।
सत्र के संवादात्मक भाग में महिला प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछकर विशेषज्ञ से सीधा मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान वातावरण बेहद प्रेरक और उत्साहपूर्ण रहा।

टोरेंट पावर के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी विकास को अपनी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल करती है। ‘संगिनी’ जैसे पहल महिलाओं की जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास को भविष्य में सर्वोपरि रखने का संकल्प भी लिया।

