भिवंडी:निजामपुरा पुलिस ने प्रतिबंधित प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अवैध रूप से मांस बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 15 से 16 किलो प्रतिबंधित मांस जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 5,800 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि कसाई वाडा, निजामपुरा स्थित फातिमा किराना स्टोर के पीछे एक व्यक्ति गौवंशीय जानवर का मांस बेच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी नईम हनीफ कुरैशी (उम्र 38, निवासी कसाईवाडा, निजामपुरा, भिवंडी) को हिरासत में लिया गया। जांच में यह बात सामने आई कि वह कथित तौर पर गौवंश प्रजाति के जानवरों का मांस बेच रहा था, जो कि कानूनन पूरी तरह प्रतिबंधित है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1976 की धारा 5(अ), 5(ब), 5(क), 9 सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को भी दे दी गई है। निजामपुरा पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित मांस की यह अवैध सप्लाई श्रृंखला कितनी व्यापक है और इसमें और कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।

