“हम भिवंडीकर” प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त से की मुलाकात, शहर के ज्वलंत मुद्दों पर की गई विस्तृत चर्चा

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर “हम भिवंडीकर” संस्था के सदस्यों ने सोमवार को भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने एपीजे अब्दुल कलाम ब्रिज की बदहाल स्थिति को तत्काल सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुल पर बने गड्ढों को जल्द से जल्द भरकर उचित गाइडलाइन चिन्हित किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही शहर की सड़कों पर फैली धूल-मिट्टी के निवारण के लिए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

स्कूलों के सामने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए ब्रेकर लगाने की भी मांग रखी गई। हाल ही में सड़क दुर्घटना में दो बच्चों की मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा प्रदान करने हेतु समिति के समक्ष प्रस्ताव भेजने की अपील की गई।

शहर में बनाए जा रहे सीमेंट कॉन्क्रीट रोड और पेवर ब्लॉक के बीच 4 से 5 इंच की दूरी पर बने खतरनाक कटों को जल्द से जल्द भरने की मांग भी बैठक में उठाई गई।

संस्था ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है और इस दिशा में प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुलाकात में शहर की अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से वार्ता हुई।

“हम भिवंडीकर” के सभी सदस्यों ने इस मुलाकात को सफल बताते हुए उपस्थित साथियों का आभार व्यक्त किया और जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *