अब्दुल गनी खान
भिवंडी कामतघर क्षेत्र के भाग्य नगर में दो पड़ोसी महिलाओं के बीच पुराने विवाद ने शनिवार को गंभीर रूप ले लिया। गुस्से में आकर एक महिला ने पड़ोस में रहने वाली युवती की उंगली दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शहर पुलिस स्टेशन ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल प्रियंका शंकर सागर (27) और आरोपी अनीता उर्फ विजू संजय मेस्त्री (53) एक ही इमारत में महादेव किराना स्टोर के ऊपर एक-दूसरे के बगल में रहती हैं। दोनों के बीच कुछ दिनों पहले भी झगड़ा हुआ था।
घटना 1 दिसंबर की सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब प्रियंका घर से निकलने वाले कचरे को बाहर सड़क पर रखकर घंटागाड़ी का इंतजार कर रही थी। इसी बात पर नाराज होकर अनीता ने पहले प्रियंका को गालीगलौज की और धक्का दे दिया। जब प्रियंका ने इसका विरोध किया तो अनीता ने उसका दाहिना हाथ पकड़कर उसकी तर्जनी उंगली दांत से काट ली। हमले में प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को प्राथमिक उपचार दिलवाया। इसके बाद आरोपी महिला अनीता मेस्त्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 118(1) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनीता को धारा 35(3) के तहत नोटिस भी जारी किया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

