टोरेंट पावर की बड़ी कार्रवाई, होटल में चल रही एक साल पुरानी बिजली चोरी का भंडाफोड़

ठाणे भिवंडी

अब्दुल गनी खान भिवंडी
टोरेंट पावर ने भिवंडी तालुका के काल्हेर गांव में एक होटल पर छापेमारी कर लंबे समय से चल रही बिजली चोरी का खुलासा किया है। कंपनी की शिकायत के आधार पर शांतिनगर पुलिस ने होटल संचालक सहित दो लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। शांतिनगर पुलिस थाने में टोरेंट पावर के सहायक व्यवस्थापक श्रीकांत राघोलू गणपुरपू ने शिकायत दर्ज करवाई कि काल्हेर गांव के राजलक्ष्मी कंपाउंड स्थित कुसुम होटल के संचालक जगदीश शेट्टी और जितेंद्र जनार्दन पाटिल पिछले एक साल से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। आरोपियों ने कंपनी के मिनी सेक्शन पिलर से दो कोर वाले रंगीन केबल जोड़कर सीधा कनेक्शन ले रखा था। तकनीकी जांच में यह सामने आया कि इस अवैध कनेक्शन के जरिए भारी विद्युत भार खींचा जा रहा था, जिससे विभाग को लगभग एक लाख पच्चीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल में लगी वायरिंग और उपकरणों की जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि बिना अनुमति के यह कनेक्शन सीधे पिलर से जोड़ा गया था और इसका उपयोग औद्योगिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। विभाग ने अवैध विद्युत तंत्र जब्त कर पंचनामा तैयार किया,शांतिनगर पुलिस ने मामले में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अरुण घोलप कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *