भिवंडी में नकली ब्रांडेड चप्पलों की बिक्री, दो दुकानदारों पर मामला दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में नकली ब्रांडेड सामानों की बिक्री लगातार बढ़ती जा रही है। जहां पहले नकली कपड़ों और खाद्य सामग्री की बिक्री के मामले सामने आ चुके हैं, वहीं अब नकली ब्रांडेड चप्पलों के कारोबार का खुलासा हुआ है। शांतिनगर पुलिस ने इस मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश ईश्वरसिंग पाटिल और उबेदर रहमान अब्दुल वाजिद सिद्दीकी अपने-अपने बूट हाउस में पुमा कंपनी के नकली शूज और चप्पलें बेच रहे थे। पुमा कंपनी की ओर से अधिकृत संस्था P.A.M.S. Legal ने जांच के दौरान पाया कि बेतालपाडा स्थित रवि फुट वेअर और भंडारी कंपाउंड में स्थित बेस्ट फुट वेअर हाउस में नकली फुटवियर बेचा जा रहा था।

कंपनी के प्रतिनिधि कपिल मोहन त्यागी ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों दुकानदार बिना किसी अनुमति के पुमा ब्रांड के लोगो और डिजाइन की नकल कर बाजार में नकली चप्पलों की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दोनों दुकानों से लगभग 75,766 रुपये मूल्य का नकली माल जब्त किया।दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 51, 63 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 349 और 350 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक कुचेकर कर रहे हैं।शहर में नकली ब्रांडेड वस्तुओं की बढ़ती बिक्री को देखते हुए पुलिस अब ऐसे मामलों पर विशेष नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *