अब्दुल गनी खान | भिवंडी
बी.एन.एन महाविद्यालय, भिवंडी की कला शाखा के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा खारबाव ग्राम पंचायत (ता. भिवंडी) में एक दिवसीय ग्रामीण प्रात्यक्षिक शिविर का आयोजन किया गया। 3 दिसंबर 2025 को आयोजित इस शिविर में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन, वहां की समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं, आर्थिक गतिविधियों तथा सामाजिक संरचना का प्रत्यक्ष अनुभव कराना रहा। खारबाव ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र द्वारकानाथ पाटील के सहयोग से यह उपक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
गांव सर्वेक्षण और साप्ताहिक बाजार पर अध्ययन
इस बार शिविर का फोकस ‘गांव सर्वेक्षण एवं साप्ताहिक बाजार’ पर रखा गया। विद्यार्थियों ने गांव की पायाभूत सुविधाओं का सर्वेक्षण किया और साप्ताहिक बाजार की आर्थिक गतिविधियों का अध्ययन कर ग्रामीण व्यापार की बारीकियों को करीब से समझा।

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर ग्रामीण विकास के महत्व, गांव की प्रगति में युवाओं की भूमिका और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में पहल
ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख डॉ. निनाद विजय जाधव ने शिविर की सफलता पर सरपंच एवं ग्राम पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा “विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रात्यक्षिक उपक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल ज्ञानवर्धन का अवसर मिला बल्कि ग्रामीण समाज के विकास हेतु सकारात्मक सोच विकसित करने का भी संदेश प्राप्त हुआ।

