पतंग काटने के विवाद में किशोर की पिटाई, तीन पर मामला दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान भिवंडी
भिवंडी के नवीबस्ती स्थित नेहरू नगर में पतंगबाजी को लेकर हुए विवाद में 16 वर्षीय किशोर और उसकी बहन से मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर भिवंडी शहर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

35 वर्षीय महिला द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, उसका 16 वर्षीय बेटा अपनी बहन के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान इलाके का एक किशोर वहां आया और पतंग काटने का आरोप लगाते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। जब बहन बीच-बचाव करने आई तो आरोपी युवक ने उसे भी धक्का दे दिया।

इसी बीच आरोपी पक्ष की महिलाएं अकिलाबानो और शकीलाबानो मौके पर पहुंचीं और उन्होंने भी पीड़ित किशोर को पकड़कर पीटा। मारपीट में किशोर को चोटें आईं। मामले में पुलिस ने एक किशोर और दो महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। आगे की जांच शहर पुलिस द्वारा की जा रही है।


ट्रांसपोर्टर पर लोहे की रॉड से हमला, तीन आरोपी फरार

अब्दुल गनी खान | भिवंडी
भिवंडी में शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र के तय्यब मस्जिद के पास एक ट्रांसपोर्टर पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 29 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश की जा रही है।

शिकायतकर्ता आवेश अब्दुल हफीज अंसारी (35), जो ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं, अपने भाई के साथ ट्रक में सामान लोड कर रहे थे। तभी आरोपी रोशन अली खान वहां पहुंचा और रास्ते में अपनी गाड़ी खड़ी कर ट्रैफिक जाम करने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौच शुरू कर दी।

थोड़ी ही देर में उसके साथी अब्दुल करीम खान और अब्दुल हकीम खान भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि अब्दुल हकीम ने लोहे की रॉड से ट्रांसपोर्टर पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। पीड़ित ने किसी तरह पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शांतिनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *