फ्लैट बिक्री के नाम पर 15.15 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान


भिवंडी: फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के बहाने 15 लाख 15 हजार रुपये की ठगी का मामला कोनगांव पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। शिकायत गोरेगांव (पश्चिम), मुंबई निवासी संदीप रामचंद्र शार्दुल (45) द्वारा दर्ज कराई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मुनाफ फैयुजुद्दीन कुरैशी के रूप में हुई है, जो कोनगांव इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि उसका पूरा पता पुलिस को अभी प्राप्त नहीं हो सका है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने कोनगांव स्थित वृंदावन सोसायटी, ए-विंग, रूम नंबर 202 के फ्लैट की बिक्री का सौदा किया था। आरोप है कि फ्लैट पहले से ही पंजीकृत होने के बावजूद आरोपी ने दूसरे सौदे का झांसा देकर ऑनलाइन और नकद मिलाकर 15.15 लाख रुपये वसूल लिए।

रकम लेने के बाद भी आरोपी ने न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही राशि वापस की। कई बार संपर्क करने पर भी आरोपी टालमटोल करता रहा, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

कोनगांव पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) और 316(2) के तहत अपराध क्रमांक 454/2025 दर्ज किया है। यह कथित ठगी जनवरी 2024 से 4 दिसंबर 2025 के बीच हुई बताई जा रही है।

पुलिस उप निरीक्षक निलेश वाडकर मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है तथा इस प्रकरण में हर एंगल से जांच की जा रही है।

आम नागरिकों को फ्लैट की दलाली और दोहरी बिक्री के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *