अब्दुल गनी खान मुंबई।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के अनुभवी जननायक शरदचंद्र पवार के जन्मदिन के अवसर पर भिवंडी लोकसभा के सांसद सुरेश म्हात्रे (बालिया मामा) ने आज मुंबई में उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस दौरान उन्होंने पवार साहब के सार्वजनिक जीवन, उनके योगदान और नेतृत्व की प्रशंसा की।
सांसद सुरेश म्हात्रे ने मुलाकात के दौरान कहा कि शरद पवार का संपूर्ण जीवन महाराष्ट्र और देश की सेवा को समर्पित रहा है। किसान संकट के समय उन्हें संबल देने, कर्जमुक्ति के प्रयासों और मेहनतकश वर्ग के हित में लिए गए निर्णयों को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।

उन्होंने कहा कि पवार साहब की दूरदर्शी नीतियों और प्रशासनिक अनुभव ने महाराष्ट्र को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आम लोगों के जीवन में सुधार लाने वाले अनेक निर्णय आज भी उनकी कार्यशैली की प्रभावशाली छाप को दर्शाते हैं।
नेताओं ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य में शरद पवार का मार्गदर्शन एक ध्रुवतारे की तरह सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
अंत में सांसद सुरेश म्हात्रे ने पवार साहब के दीर्घ, स्वस्थ और उज्ज्वल जीवन की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उनके विचार और कार्य समाज को यूँ ही मार्गदर्शन प्रदान करते रहें।

