नवी मुंबई एयरपोर्ट को दि. बा. पाटील का नाम देने सीएम से मिले सांसद

महाराष्ट्र मुंबई

विशेष संवाददाता
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लोकनेता स्व. दि. बा. पाटील का नाम दिए जाने की मांग को लेकर भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने केंद्र सरकार पर दबाव तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में सांसद बाल्या मामा ने शनिवार को नागपुर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपनी मांग को लेकर लिखित निवेदन सौंपा।

मुलाकात के दौरान सांसद बाल्या मामा ने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासन की याद दिलाई, जिस पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने एक बार फिर स्व. दि. बा. पाटील के नाम को लेकर सकारात्मक रुख होने का भरोसा दिलाया। हालांकि सांसद बाल्या मामा ने कहा कि हवाई अड्डे के शुरू होने में अब बहुत कम समय शेष होने के बावजूद सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में मांग को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 22 दिसंबर को स्थानीय भूमिपुत्रों की पदयात्रा के रूप में आंदोलन किया जाएगा। सांसद ने कहा कि स्व. दि. बा. पाटील ने नवी मुंबई क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया, इसलिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को उनका नाम दिया जाना क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *