अब्दुल गनी खान | भिवंडी
भिवंडी शहर में दरगाह दीवान शाह के वार्षिक मेले के दौरान एक जर्जर और असुरक्षित पानी की टंकी को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। मेले में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे इसी टंकी के पास से आवाजाही कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष रहबर रशीद ने इस मामले में भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका आयुक्त, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि टंकी काफी पुरानी और कमजोर स्थिति में है तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। मेले में लगे बड़े झूलों और भारी भीड़ के कारण जोखिम और बढ़ गया है।

रहबर रशीद ने मांग की है कि तत्काल स्थल निरीक्षण कर टंकी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया जाए और आवश्यक मरम्मत कर उसे सुरक्षित किया जाए अथवा एहतियातन आवाजाही पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

