राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी को मतदान, 16 जनवरी को मतगणना

महाराष्ट्र

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कार्यक्रम की घोषणा, आचार संहिता लागू

अब्दुल गनी खान
मुंबई। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं की आम चुनाव प्रक्रिया की घोषणा करते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को मतदान तथा 16 जनवरी 2026 को मतगणना कराई जाएगी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका सहित कुल 2,869 वार्ड सीटों के लिए यह चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित महानगरपालिका क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि ये चुनाव सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन कराए जा रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की चुनाव अधिसूचना 16 दिसंबर 2025, जबकि शेष 28 महानगरपालिकाओं की अधिसूचना 18 दिसंबर 2025 को जारी की जाएगी। मतदान का समय सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक रहेगा।

29 महानगरपालिकाओं में चुनाव

राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में जालना और इचलकरंजी दो नवगठित महानगरपालिकाएं हैं। 5 महानगरपालिकाओं की अवधि 2020 में, 18 की 2022 में और 4 की 2023 में समाप्त हो चुकी है। इनमें बृहन्मुंबई, पुणे, नागपुर, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर सहित प्रमुख महानगरपालिकाएं शामिल हैं।

      बहुसदस्यीय प्रणाली से चुनाव

बृहन्मुंबई को छोड़कर अन्य सभी 28 महानगरपालिकाओं में बहुसदस्यीय वार्ड प्रणाली लागू होगी, जहां प्रत्येक मतदाता को 3 से 5 मत देने होंगे। बृहन्मुंबई में एक वार्ड से एक ही सदस्य चुना जाएगा, इसलिए वहां मतदाता केवल एक वोट देगा।

       नामांकन ऑफलाइन होंगे

महानगरपालिका चुनावों में उम्मीदवार ऑफलाइन पद्धति से नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। आरक्षित सीटों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को जाति प्रमाणपत्र के साथ जाति वैधता प्रमाणपत्र या संबंधित समिति में आवेदन का प्रमाण देना अनिवार्य होगा।

        मतदाता और मतदान केंद्र

इन चुनावों में कुल 3 करोड़ 48 लाख 78 हजार 17 मतदाता मतदान करेंगे। इसके लिए राज्यभर में 39,147 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव के लिए पर्याप्त ईवीएम की व्यवस्था की गई है।

      मतदाता सुविधा और जागरूकता

मतदाता अपने नाम, मतदान केंद्र और उम्मीदवारों की जानकारी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ‘मताधिकार’ मोबाइल ऐप और वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा

मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के साथ आई महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। रैंप, व्हीलचेयर, पीने का पानी, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य होंगी। महिला कर्मियों वाले मतदान केंद्रों को ‘पिंक बूथ’ घोषित किया जाएगा।
मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले, यानी 13 जनवरी 2026 शाम 5.30 बजे से सभी प्रकार के चुनावी प्रचार और विज्ञापनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रमुख तिथियां
नामांकन दाखिल: 23 से 30 दिसंबर 2025
नामांकन जांच: 31 दिसंबर 2025
नाम वापसी: 02 जनवरी 2026
चुनाव चिह्न आवंटन व अंतिम सूची: 03 जनवरी 2026
मतदान: 15 जनवरी 2026
मतगणना: 16 जनवरी 2026
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *