शौचालय चालक के खिलाफ शांतिनगर पुलिस में मामला दर्ज
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में महिला की निजता भंग करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सार्वजनिक शौचालय में प्राकृतिक क्रिया के दौरान एक महिला का चोरी-छिपे वीडियो बनाए जाने के आरोप में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शौचालय चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 21 वर्षीय महिला है, जो भिवंडी के एक चाल क्षेत्र में रहती है और नौकरी करती है। 13 दिसंबर की सुबह करीब 10.30 बजे वह बाला कंपाउंड, असलम नगर स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में गई थी। उसी दौरान शौचालय की देखरेख करने वाला नरेश गुलचंद राम (40) बाथरूम की दीवार के पास मोबाइल फोन का कैमरा चालू कर महिला का वीडियो रिकॉर्ड करने लगा।
महिला को जब इस हरकत का आभास हुआ तो उसने तुरंत विरोध किया और मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने जानबूझकर महिला की प्राकृतिक क्रिया के दौरान वीडियो बनाकर उसकी गरिमा और निजता को ठेस पहुंचाई, जिससे उसे मानसिक पीड़ा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।
शांतिनगर पुलिस ने आरोपी नरेश गुलचंद राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नंदकिशोर काते कर रहे हैं।

