विशेष संवाददाता पटना
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन पर एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने का आरोप लगा है। घटना के बाद मुख्यमंत्री के व्यवहार को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “शर्मनाक! एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचना उसकी गरिमा और धार्मिक पहचान पर सीधा हमला है। जब राज्य का मुख्यमंत्री ऐसा करे, तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है।”
सांसद इकरा हसन ने इसे महिलाओं के सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए मुख्यमंत्री के आचरण पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, घटना को लेकर विपक्षी दलों ने भी आलोचना तेज कर दी है और स्पष्टीकरण की मांग की जा रही है।
फिलहाल इस विवाद पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

