अब्दुल गनी खान
भिवंडी:मानसरोवर क्षेत्र में जन कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में एक दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग, भक्ति एवं भजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम में श्री सिद्धेश्वर योग मित्रमंडल, अशोक नगर की ओर से उपस्थित नागरिकों को योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम, आसन एवं ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर योग गुरु श्री श्यामनाथ शर्मा जी को जन कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मानसरोवर वासियों की ओर से शाल एवं फूलों की माला भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने योग के महत्व को समझा और इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में श्री रमाकांत पांडा जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
योग शिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने जन कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

