ओशिवारा पुलिस सायबर सेल की तत्परता से अभिनेता गजेंद्र चौहान की ₹98 हजार की ठगी राशि सुरक्षित

महाराष्ट्र मुंबई

मज़हर खान, संवाददाता | मुंबई
मुंबई में ओशिवारा पुलिस की सायबर सेल ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मशहूर अभिनेता गजेंद्र चौहान को बड़ी राहत दिलाई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी विज्ञापनों के जरिए उनके साथ ₹98,000 की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया था।

ठगी का अहसास होते ही अभिनेता गजेंद्र चौहान ने बिना देरी किए ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्टेशन की सायबर सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 1930 राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज की।

इसके बाद सायबर सेल ने संबंधित बैंकों से त्वरित समन्वय स्थापित कर ठगी की गई पूरी राशि को समय रहते फ्रीज करा दिया। पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता के चलते ₹98,000 की संपूर्ण राशि सुरक्षित कर ली गई, जिसे आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पुनः शिकायतकर्ता के बैंक खाते में जमा कर दिया गया।

इस सफल कार्रवाई से एक बार फिर ओशिवारा पुलिस सायबर सेल की सतर्कता और दक्षता प्रमाणित हुई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *