सराय इनायत में इनवर्टर बैटरी दुकान में साढ़े तीन लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

उत्तर प्रदेश

प्रयागराज। जनपद प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र अंतर्गत सांसों–हनुमानगंज रोड पर स्थित कुशवाहा बैटरी सर्विस की दुकान में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सराय इनायत चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस दुकान में अज्ञात चोरों ने इनवर्टर बैटरियों की चोरी कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक रामू कुशवाहा की इनवर्टर बैटरी की दुकान में बीती रात करीब 2 बजे चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और बड़ी संख्या में इनवर्टर बैटरियां व अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पीड़ित दुकानदार रामू कुशवाहा ने सराय इनायत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सूचना पर सराय इनायत चौकी प्रभारी श्री धर्मेंद्र मौर्य अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

— प्रयागराज से अनिल यादव की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *