आचार संहिता में निगरानी पथक की बड़ी कार्रवाई, 8 लाख 28 हजार रुपये नकद जब्त

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका चुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के दौरान प्रशासन की सतर्कता रंग लाई है। निगरानी पथक ने 23 दिसंबर की शाम नदीनाका क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 8 लाख 28 हजार 900 रुपये की नकद राशि जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थिर निगरानी दल ने शाम 6.38 बजे एक संदिग्ध चार पहिया वाहन (किया सेल्टॉस, क्रमांक एमएच 48 डीडी 9324) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में नकद रकम बरामद हुई। वाहन में मौजूद लोग न तो रकम के स्रोत की जानकारी दे सके और न ही कोई वैध कागजात प्रस्तुत कर पाए।

इसके बाद नियमानुसार दो पंचों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर नकदी जब्त कर ली गई। जब्त की गई राशि को आगे की कार्रवाई के लिए निजामपुर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के हवाले कर दिया गया है।

यह कार्रवाई आचार संहिता पथक प्रमुख व अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के निर्देश पर की गई। अभियान में सहायक पथक प्रमुख समीर जवरे, शाकीब खर्बे सहित पथक प्रमुख गौतम आनंद भालेराव, पुलिस हवलदार मारोती भागोजी भारती, निखिल सालवे, एजाज शेख और मनोज गुज्जा शामिल रहे।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निगरानी और जांच को और कड़ा कर दिया है। चुनाव विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *