गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने तीन लाख से अधिक के खिलौने उड़ाए

भिवंडी

भिवंडी। अब्दुल गनी खान
नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदाम चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक गोदाम का शटर व ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग 3 लाख 2 हजार रुपये मूल्य के खिलौने चोरी कर लिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमप्रकाश मदनलाल अग्रवाल (64) व्यवसायी हैं। उनका गोदाम भिवंडी के दापोडा रोड स्थित हरिहर कंपाउंड में गाला नंबर 201 से 206 में स्थित है। चोरी की यह वारदात 7 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे से 8 दिसंबर की सुबह 11 बजे के बीच अंजाम दी गई।

बताया गया है कि अज्ञात चोरों ने गोदाम के शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और वहां संग्रहित खिलौनों को चुरा लिया। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 3 लाख 2 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(3) एवं 331(4) के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस गोदाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से इस मामले की कड़ियां जोड़कर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *