भिवंडी में पुनः अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद
विशेष संवाददाता।भिवंडी
भिवंडी मनपा क्षेत्र में आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी है।इसी के तहत अवैध हथियार रखने के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारपोली पुलिस ने एक युवक को देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम एवं महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार भिवंडी के अंजुरफाटा रेलवे स्टेशन रोड स्थित सुखशांति अपार्टमेंट के सामने नारपोली पुलिस गश्त के दौरान 26 दिसंबर की शाम करीब 3.20 बजे एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। शक के आधार पर तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 हजार दो सौ रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने इसके बाद तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।जिसका नाम अबूजैद अलीमुद्दीन शाह (उम्र 20 वर्ष), निवासी मुमताज नगर, शांतीनगर, भिवंडी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी। साथ ही, ठाणे पुलिस द्वारा जारी निषेधाज्ञा आदेश का उल्लंघन भी किया गया है।नारपोली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

