विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए हिंदुओं को तलवार बांटने के मामले में शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी समेत 16 लोगों के खिलाफ 7 क्लैक्ट एक्ट (CLACT Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार्यक्रम का मुख्य चेहरा पिंकी चौधरी अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शालीमार गार्डन क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हथियारों का प्रदर्शन और तलवारों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था भंग करने की आशंका थी और बिना अनुमति हथियारों का प्रदर्शन किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से संबंधित फोटो और वीडियो साक्ष्य के तौर पर जुटाए गए हैं, जिनमें कई लोग तलवारें थामे दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर 16 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक या भड़काऊ गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

