भिवंडी में लोक हिंद पार्टी अध्यक्ष बदीउज्ज़मान खान का तीखा हमला:“ज्यादातर राजनीतिक पार्टियाँ भ्रष्टाचार के तालाब में डूबी हैं”

भिवंडी

अब्दुल गनी खान

भिवंडी।
लोक हिंद पार्टी के अध्यक्ष बदीउज्ज़मान खान ने भिवंडी वार्ड नंबर 4 में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश की ज्यादातर राजनीतिक पार्टियाँ अपने विचारों और सिद्धांतों को त्यागकर “भ्रष्टाचार के गंदे तालाब में पूरी मस्ती से डुबकी लगा रही हैं।”

अपने भाषण में उन्होंने कहा कि शहर की कड़वी हकीकत यह है कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने राजनीति, अर्थव्यवस्था और समाज के हर हिस्से को खोखला कर दिया है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली पार्टियाँ सत्ता में आते ही जनता की जेब पर डाका डालने लगती हैं।

बदीउज्ज़मान खान ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जो लोग साफ़-सुथरे, ईमानदार और देश की सेवा का जज़्बा रखते हैं, उन्हें ऐसी पार्टियों से दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि लोक हिंद पार्टी देश की पहली पार्टी है जिसने सिर्फ़ नारा नहीं बल्कि व्यवहार में “No Corruption, No Commission” को लागू कर दिखाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर घटिया और कमज़ोर काम जानबूझकर कराए जाते हैं, ताकि सड़कें बार-बार टूटें, नालियाँ उफनें और टेंडरों के ज़रिये कमीशनखोरी चलती रहे। इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है, जबकि कुछ लोगों की दौलत लगातार बढ़ती रहती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि हर मानसून में सड़कें क्यों बह जाती हैं, हर साल नई सड़कें क्यों बनती हैं, बार-बार रिपेयर क्यों होता है और पानी की लाइनों में गंदा पानी क्यों मिलता है। उन्होंने जनता से मांग की कि नेताओं से 10 साल की गारंटी मांगी जाए और अगर काम की गुणवत्ता खराब हो तो भुगतान रोका जाए।

लोक हिंद पार्टी के विज़न को रखते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर वार्ड और हर मोहल्ले में साफ़ पानी, मज़बूत सड़कें, बेहतर नालियाँ, स्वच्छ वातावरण, शिक्षा को प्राथमिकता, सुरक्षित रास्ते, ईमानदार प्रशासन और सम्मान के साथ जीने का अधिकार सुनिश्चित करना है।

सभा के अंत में बदीउज्ज़मान खान ने कहा कि लोक हिंद पार्टी वादे नहीं बल्कि ज़िम्मेदारियाँ लेती है और एक ऐसा विकसित शहर बनाना चाहती है जहाँ काम क्वालिटी का हो, पैसा जनता का सही उपयोग हो और फायदा सीधे नागरिकों को मिले।
उन्होंने जनता से भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को जड़ से उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए लोक हिंद पार्टी को समर्थन देने का आह्वान किया।

सभा का समापन “No Corruption, No Commission”, “लोक हिंद पार्टी ज़िंदाबाद” और “जनता की सेवा ज़िंदाबाद” के नारों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *