विशेष संवाददाता
भिवंडी की शांतिनगर पुलिस थाने की सीमा में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात कार चालक द्वारा मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मारने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान रमेश बुधाजी भोईर (60) के रूप में हुई है, जो भिवंडी के भादवड गांव स्थित स्वप्नलोक बिल्डिंग में रहते हैं। घटना 11 जनवरी की शाम करीब 6.30 बजे की है। भोईर अपनी मोटरसाइकिल से पाइपलाइन रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भादवड तालाब के पास, चिंतामणि टावर्स के सामने एक सिल्वर रंग की वैगन-आर कार के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भोईर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके दाहिने पैर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई, जबकि दोनों घुटनों और बाएं गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और ई-साक्ष्य के आधार पर फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक पोटे कर रहे हैं।

