पारिवारिक कलह ने लिया हिंसक मोड़, बेटे ने पिता से किया गलीगलौच व चाकू से हमला

भिवंडी

विशेष संवाददाता।भिवंडी
नारपोली पुलिस स्टेशन की सीमा में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरेलू कलह के चलते एक बेटे पर अपने ही पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुरेश रोहिदास गायसमुद्रे (45), निवासी अंबेडकर नगर, पटेल कंपाउंड, भिवंडी का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान 12 जनवरी की शाम करीब 7 बजे महावीर चौक स्थित एक फल विक्रेता की दुकान के सामने मामला अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि सुरेश के बेटे रोहित गायसमुद्रे (24) ने पहले गाली-गलौज की और फिर अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सुरेश गायसमुद्रे को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस ने आरोपी रोहित गायसमुद्रे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *