विशेष संवाददाता भिवंडी
भिवंडी मनपा आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी अनमोल सागर ने बताया कि 15 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन और चुनाव तंत्र पूरी तरह तैयार हैं। मनपा ने 23 वार्डों में 90 सदस्यों के चुनाव के लिए कुल 750 मतदान केंद्र तैयार किए हैं। मतदान हेतु 820 नियंत्रण इकाइयों और 1640 मतपेटियों का निरीक्षण एवं सीलिंग कार्य पूर्ण हो चुका है।
मतदान के दौरान मतदाताओं के लिए छायादार मंडप, पीने के पानी की सुविधा और ट्रॉली एवं व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है। पर्दा प्रथा के तहत आने वाली महिला मतदाताओं की पहचान करने के लिए 350 महिला कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त आयुक्त और आचार संहिता दल के नोडल अधिकारी विट्ठल डाके के नेतृत्व में छह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।जिन्होंने अब तक दो मामलों में कुल 12 लाख 65 हजार 900 रुपये नकद जब्त किए हैं और आचार संहिता के उल्लंघन के छह मामले दर्ज किए हैं। आचार संहिता दल चुनाव प्रचार के दौरान कहीं भी आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी नजर रख रहा है। चुनाव के लिए कुल 4500 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। चुनाव कार्य के लिए 100 फील्ड अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।साथ ही प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 1294 कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। मतदान केंद्र पर तैनात 268 महिला कर्मचारी हेतु मनपा ने उनके आवास की भी व्यवस्था की है।
भिवंडी में 153 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित,173 बिल्डिंगों में बनाए गए 718 बूथ
अतिसंवेदनशील शहर के रूप में पहचाने जाने वाले भिवंडी शहर में कुल 718 मतदान केंद्रों में से 153 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जो कुल केंद्रों का औसतन 21 प्रतिशत है।जिसमें से सबसे अधिक 58 संवेदनशील केंद्र शांतिनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आते हैं।
भिवंडी में चुनाव के दौरान शहर की कुछ विशेष इमारतों और उनमें स्थित मतदान केंद्रों का रिकॉर्ड पुलिस विभाग में हमेशा से ‘संवेदनशील’ रहा है। इसी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा इन स्थानों पर विशेष सावधानी बरतते हुए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।मनपा जनसंपर्क विभाग के अनुसार मनपा क्षेत्र में मतदान के लिए 173 इमारतों में 718 मतदान केंद्र बनाए गए है।जिसमें से 565 मतदान केंद्र सामान्य व 153 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किया गया है।जो कि शहर में 27 बिल्डिंगों में बनाया गया है।जहां पर मनपा प्रशासन व पुलिस सुरक्षा के विशेष इंतजाम कर रही है ताकि चुनाव को शांति व पारदर्शिता से कराया जा सके।

