आदिल नोमानी
भिवंडी शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। भिवंडी मनपा मुख्यालय के पास स्थित जकात नाका क्षेत्र में आयशर गाड़ी की टक्कर से एक साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा 14 फरवरी की शाम करीब 7.34 बजे सेंट्रल अस्पताल के सामने, आनंद दिघे चौक के पास हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जवाहरलाल पुना चौधरी के रूप में हुई है। वह साइकिल से जा रहा था, तभी एमएच-04-एमएच-5056 नंबर की आयशर गाड़ी तेज रफ्तार में आई और उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आयशर चालक मयंक कुमार श्यामनारायण द्विवेदी वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
इस मामले में निजामपुरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
उधर, युवक की असमय मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

