आदिल नोमानी भिवंडी
भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के सार्वत्रिक चुनाव 2025–26 के तहत आज गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न हुआ। सुबह 7.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक चले मतदान में कुल 53.43 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के कारण मतदान शांतिपूर्ण रहा।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि किसी भी मतदान केंद्र से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। शाम 5.30 बजे के बाद मतदान केंद्रों को बंद कर ईवीएम को सील कर सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
उल्लेखनीय है कि भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं, जिससे यह तय होगा कि नगर की सत्ता किसके हाथों में जाएगी।

