अब्दुल गनी खान
भिवंडी नारपोली गांव में पानी भरने को लेकर चला आ रहा विवाद हिंसक हो गया। इस घटना में एक महिला के साथ गाली-गलौज और लाठी-डंडों व हाथों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। नारपोली पुलिस ने इस प्रकरण में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता रेखा विकास पवार (32) पेशे से बस कंडक्टर हैं। घटना 14 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे की है, जब वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनकी ननंद जया संतोष पिटलेकर, दो दिन पहले पानी भरने को लेकर हुए विवाद की रंजिश को लेकर अपने माता-पिता के साथ उनके घर पहुंची।
आरोप है कि पहले पीड़िता के साथ गाली-गलौज की गई। विवाद बढ़ने पर सदाशिव भगवान पवार ने लकड़ी के डंडे से रेखा पवार के सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं मीराबाई सदाशिव पवार और जया संतोष पिटलेकर ने भी हाथों से मारपीट की।
घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता ने नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उप निरीक्षक अशोक येवले कर रहे हैं।

