विशेष संवाददाता बस्ती, उत्तर प्रदेश
जनपद बस्ती में पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को हथियार, कारतूस एवं असलहा बनाने के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना कलवारी, थाना नगर पुलिस तथा एसओजी टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना कलवारी क्षेत्र के मांझा खुर्द में श्मशान घाट के पीछे एक निर्जन स्थान पर भट्ठी जलाकर अवैध तमंचा और कारतूस बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर प्रभारी एसओजी टीम, थानाध्यक्ष कलवारी, थानाध्यक्ष नगर पुलिस टीम एवं चौकी प्रभारी मांझा खुर्द की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध असलहा बनाने में लिप्त अभियुक्त ताज मोहम्मद पुत्र तैयब, निवासी कस्बा इलफातगंज, थाना इब्राहिमपुर, जिला अंबेडकरनगर को मौके से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचा 12 बोर, दो अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक अवैध निर्मित देशी तमंचा 315 बोर, दो अवैध स्वनिर्मित जिंदा कारतूस 12 बोर, एक अवैध खोखा कारतूस 12 बोर तथा असलहा व कारतूस बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तारी 20 जनवरी 2026 को रात करीब 2 बजे मांझा खुर्द के श्मशान घाट के पीछे निर्जन स्थान से की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कलवारी में मुकदमा अपराध संख्या 10/2026, धारा 3/5/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना कोतवाली बस्ती में वर्ष 2015 में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने घर से तमंचा व कारतूस बनाकर बेचता था, लेकिन पुलिस की सक्रियता बढ़ने के कारण वह कुछ दिनों से निर्जन स्थान पर रात के समय असलहा तैयार कर चोरी-छिपे बेच रहा था। पुलिस ने मौके से भट्ठी और उपकरण भी जब्त कर लिए हैं।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष कलवारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, चौकी प्रभारी मांझा खुर्द उपनिरीक्षक शैलेश कुमार यादव सहित एसओजी, थाना कलवारी, थाना नगर एवं सर्विलांस सेल की टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

