विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर के कामतघर इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कामतघर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार कामतघर के भाग्यनगर की चाली में रहने वाली 30 वर्षीय गायत्री संतोष पाणिग्राही एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वह 21 जनवरी की सुबह काम पर चली गई थीं। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश किया और बेडरूम की लकड़ी की अलमारी में रखी दो सोने की चूड़ियां, नकदी सहित कुल कीमत लगभग 77 हजार का सामान चुराकर फरार हो गए। दोपहर में जब गायत्री पाणिग्राही घर लौटीं तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल भिवंडी शहर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का पंचनामा किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। भिवंडी शहर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है।

