विशेष संवाददाता
भिवंडी के वलगांव इलाके में स्थित अरिहंत कंपाउंड में खड़े एक ट्रक से अज्ञात चोरों ने जिंक इंगॉट्स की चोरी कर फरार हो गए।जिसकी कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है। इस घटना के बाद औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
नारपोली पुलिस के अनुसार वलगांव, दापोड़ा रोड स्थित अरिहंत कंपाउंड गोदाम नंबर 11 में सुपरवाइजर का काम करने वाले मनोज कल्याण सिंह (53) ने दर्ज शिकायत में बताया है कि 20 जनवरी की रात करीब 10 बजे जिंक इंगॉट्स से भरा ट्रक कंपाउंड में पार्क किया गया था। अगली सुबह 21 जनवरी को करीब 7 बजे जब ट्रक की जांच की गई, तो उसमें से जिंक इंगॉट्स की 11 प्लेटें गायब पाई गईं। चोरी गए जिंक इंगॉट्स का कुल वजन करीब 12 टन बताया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1,05,152 रुपए थी। हैरानी की बात यह है कि ट्रक में किसी तरह की तोड़फोड़ या जबरन घुसपैठ के निशान नहीं मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी पूरी योजना के तहत और संभवतः अंदरूनी जानकारी के आधार पर की गई। मनोज सिंह की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही ट्रक ड्राइवर और क्लीनर से भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला संगठित धातु चोरी गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जो औद्योगिक इलाकों में खड़े ट्रकों को निशाना बनाता है। भिवंडी जैसे बड़े वेयरहाउस और ट्रांसपोर्ट हब में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस घटना के बाद ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

