25 हजार का इनामी अभियुक्त मुंबई से गिरफ्तार, हत्या के प्रयास समेत 21 मुकदमों में था वांछित

उत्तर प्रदेश

अब्दुल गनी खान बस्ती।
थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित और ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुंबई के बांद्रा वेस्ट इलाके से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजकुमार पटेल, उपनिरीक्षक पवन कुमार मौर्य तथा हमराही कांस्टेबल अर्जुन यादव और सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल अंगद यादव की टीम ने मुखबिर की खास सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने मु0अ0सं0 503/2025 (धारा 191(2), 352, 351(3), 109, 61(2) बीएनएस) में ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित और मु0अ0सं0 29/2026 (धारा 406, 376डी, 506 भादंसं) में वांछित अभियुक्त अजफरूल हक उर्फ अफजरुल हक उर्फ प्रिंस को मुंबई से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजफरूल हक उर्फ अफजरुल हक उर्फ प्रिंस (उम्र करीब 33 वर्ष), पुत्र मजहर हुसैन उर्फ मजहर आजाद, निवासी चिकवा टोला, थाना पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बस्ती लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *