शहर इकाई की सूची के बाद प्रदेश नेतृत्व ने लगाई अंतिम मुहर,पार्टी में खुशी
विशेष संवाददाता
भिवंडी मनपा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने गट नेता के रूप में संतोष एम. शेट्टी की नियुक्ति कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इस निर्णय की औपचारिक जानकारी जिला और शहर संगठन को दी गई है।

भिवंडी मनपा में गट नेता की नियुक्ति को लेकर शहर भाजपा कमेटी की ओर से नारायण चौधरी, सुमित पाटिल, संतोष शेट्टी, वैभव भोईर, प्रकाश टावरे, निलेश चौधरी और यशवंत टावरे सहित 7 नामों की सूची प्रदेश कमेटी के पास भेजी गई थी। प्रदेश स्तर पर हुई चर्चा और विचार-विमर्श के बाद गट नेता पद पर अंतिम मुहर लगाई गई है।
प्रदेश कार्यालय से जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि मनपा में भाजपा गट नेता के रूप में संतोष शेट्टी का नाम निश्चित किया गया है और संबंधित पदाधिकारियों को अपने स्तर पर आवश्यक आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए भिवंडी मनपा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 22 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस प्रदर्शन के साथ भाजपा महानगरपालिका में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में गट नेता की नियुक्ति को मनपा सदन में पार्टी की भूमिका को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी कार्यकाल में मनपा से जुड़े नागरिक मुद्दों, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों पर भाजपा की स्पष्ट और सामूहिक भूमिका रखने की जिम्मेदारी गट नेता पर रहेगी। इस नियुक्ति के बाद भिवंडी की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

