पानी की टंकी हटाने को लेकर दो गुटों में मारपीट, पुलिस ने दोनों पक्ष के 6 लोगों पर दर्ज किया क्रॉस केस

भिवंडी महाराष्ट्र

विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर के ईदगाह झोपड़पट्टी क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर 6 लोगों पर एक-दूसरे के खिलाफ भोईवाडा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में शिकायतकर्ता हैदर मोहम्मद फारूक खान (40) ने आरोप लगाया है कि 24 जनवरी की सुबह लगभग 11.30 बजे घर के सामने पानी भरने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान अलसफा अजगर अली अंसारी (30), अजगर अख्तर अली अंसारी (40) और असरफ अख्तर अली अंसारी (34) ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस शिकायत के आधार पर भोईवाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, इसी घटना को लेकर दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दूसरे मामले में शिकायतकर्ता अलसफा अजगर अली अंसारी (36) ने आरोप लगाया है कि अली फारूक खान (35), अजगर फारूक खान (32) और हैदर फारूक खान (42) ने उसके घर के सामने विवाद कर गाली-गलौज की और मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान धमकी दी गई, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। दोनों पक्षों में गल्ली में रखी पानी की टंकी हटाने के लिए विवाद हुआ था। भोईवाड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर परस्पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं की गई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *