आदिल नोमानी भिवंडी:
समाज में भाईचारे और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूती देने के उद्देश्य से हाफिज जी ग्रुप एवं यूके ग्रुप की ओर से शनिवार को हफीज़ मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कुल 10 जोड़ों का निकाह/विवाह सादगीपूर्ण माहौल में विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में भिवंडी पूर्व के विधायक रईस काशम शेख सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और परिजन मौजूद रहे। आयोजकों की ओर से नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री और उपहार भेंट कर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन स्थल पर अनुशासन और सादगी के साथ उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हाफिज जी ग्रुप के संस्थापक हाफिज अकरम खान और यूके ग्रुप के संस्थापक सलाम भाई ने मंच से सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है और समाज में एकता व सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आगे भी इस तरह के सामाजिक कार्य लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के समापन पर नवविवाहित जोड़ों, बरातियों और घरातियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल की शहर में व्यापक सराहना की जा रही है।

