भिवंडी में 16.45 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त

भिवंडी

आवासीय इमारत के दो कमरों में जमा था माल, FDA की छापेमारी से मचा हड़कंप; आरोपी फरार

संवाददाता, भिवंडी:
महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने भिवंडी में बड़ी कार्रवाई की है। कारिवली रोड स्थित समरू बाग इलाके में एक आवासीय इमारत के कमरों और भूतल की दुकान से करीब 16 लाख 45 हजार रुपये का गुटखा और सुगंधित तंबाकू जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान माल जमा करने का कथित आरोपी वसीम अंसारी मौके से फरार हो गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सहायक आयुक्त संतोष सिरोसिया को सूचना मिली थी कि समरू बाग, कारिवली रोड इलाके में गुजरात से लाकर प्रतिबंधित गुटखा जमा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम पिछले करीब एक महीने से इलाके पर नजर रख रही थी।

जांच के दौरान ‘सलीम मंजिल’ नामक आवासीय इमारत की पहली मंजिल पर स्थित दो कमरों में गुटखा जमा होने का संदेह हुआ। इसके बाद सहायक आयुक्त संतोष सिरोसिया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण शिंदे, अरविंद कांडेलकर और अर्शद सैयद की टीम ने भोईवाड़ा पुलिस की मदद से छापा मारा। पुलिस टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक बालासाहेब सालुंखे भी शामिल थे।

         ताले तोड़कर निकाला गया माल

FDA की टीम जब मौके पर पहुंची तो दोनों कमरों पर ताले लगे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ताले तोड़कर कमरों की तलाशी ली। इसके अलावा भूतल स्थित एक दुकान की भी जांच की गई। तलाशी में रजनीगंधा, दिलबाग, राजनिवास समेत विभिन्न ब्रांड का गुटखा और सुगंधित तंबाकू बरामद हुआ।

अधिकारियों के मुताबिक, जब्ती किए गए माल की कुल कीमत करीब 16.45 लाख रुपये है। कार्रवाई की भनक लगते ही वसीम अंसारी मौके से फरार हो गया।

       मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त संतोष सिरोसिया ने बताया कि प्रतिबंधित गुटखा जमा करने के मामले में वसीम अंसारी के खिलाफ भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *