18 मामलों के फरार आरोपी समेत चार गिरफ्तार, 10.75 लाख का माल बरामद

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर में लगातार बढ़ रही चेन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम कसते हुए भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 18 मामलों में वांछित दो पेशेवर लुटेरों समेत चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमरसिंह जाधव (उपायुक्त, क्राइम ब्रांच) ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी चेन स्नैचिंग और मोबाइल स्नैचिंग के अलावा नकली पुलिसकर्मी बनकर भी लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

नकली पुलिस बनकर देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वे भिवंडी शहर महामार्ग सहित अन्य इलाकों में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को रोकते थे और मौका पाकर उनके गहने व मोबाइल लूट लेते थे। एक आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी का माल कल्याण निवासी दिनेश पांडुरंग पाटिल को बेचा था। इस मामले में पुलिस ने संबंधित खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में भिवंडी निवासी रविंद्र धनाजी भोसले और पुणे निवासी मोहम्मद अजीज जाफरी शामिल हैं। मोहम्मद अजीज जाफरी नकली पुलिस बनकर वारदात को अंजाम देता था। उसने यह भी कबूल किया कि लूटे गए आभूषण कर्नाटक निवासी श्रीकांत रामचंद्र गवले को बेचे गए थे, जिन्हें भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता

क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राउत को मिली गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर नारपोली क्षेत्र से रविंद्र भोसले को दबोचा गया, जबकि दूसरे आरोपी को कल्याण-भिवंडी बाईपास के पास जाल बिछाकर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने भिवंडी, कल्याण, ठाणे, उल्हासनगर, कर्जत रेलवे और पुणे रेलवे क्षेत्र में 18 चेन स्नैचिंग और 3 मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को देने की अपील की है।

विडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *