ICPT क्विज में नन्हीं प्रतिभा का कमाल, जिक्रा वसीम बारी ने जीता पहला स्थान

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर की होनहार छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। एकेडमिक उत्कृष्टता के लिए आयोजित ICPT क्विज फरवरी 2026 में अक्सा गर्ल्स उर्दू प्राइमरी स्कूल की कक्षा तीसरी की छात्रा जिक्रा वसीम बारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया था, जहां सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और विषयगत समझ से जुड़े प्रश्न पूछे गए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जिक्रा ने आत्मविश्वास और सटीक उत्तरों के दम पर पहला पुरस्कार अपने नाम किया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में जिक्रा को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। स्कूल प्रशासन ने इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया। शिक्षकों ने कहा कि जिक्रा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उनकी सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

परिजनों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल रहा और छात्राओं ने अपनी साथी की सफलता पर तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।

शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूत करती हैं। जिक्रा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *