विशेष संवाददाता
भिवंडी तालुका के मराडे पाड़ा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के दर्शन कर घर लौट रहे दिवा गांव के दो मित्रों की रविवार रात वेहाले रोड पर एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई।जिसे लेकर दिवा गांव में शोक और मातम का माहौल है। नरपोली पुलिस ने इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार भिवंडी के दीवा गांव निवासी आयुष विजय जाधव (19) अपने मित्र ऋषिकेश राजेश जाधव (25) के साथ रविवार शाम दोपहिया वाहन द्वारा तालुका के मराडे पाड़ा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के दर्शन के लिए गए थे।दर्शन के बाद उक्त दोनों रात लगभग 11:30 बजे घर लौट रहे थे।जैसे ही दोनों डोंबिवली की ओर जाने वाली सड़क पर वेहले गांव में स्थित खुशी एक्सेस वर्ल्ड के पास पहुंचे सड़क पर उनका दोपहिया वाहन फिसल गया और वे अपना संतुलन खो बैठे और उसी स्थान पर विपरीत दिशा में खड़ी डंपर संख्या एमएच 05 डीके 3999 से जबकर टकरा गए।इस दौरान अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक आयुष और राजेश के मित्र आदित्य विजय अधव (21) ने शिकायत में बताया है कि दुर्घटना डंपर चालक द्वारा डंपर को विपरीत दिशा में खड़ी करने के कारण हुई। इस संबंध में नरपोली पुलिस स्टेशन में डंपर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 106 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

