भारतीय जनता पार्टी में बगावत, उम्मीदवार बदलने से बढ़ी खींचतान

भिवंडी

भिवंडी मनपा महापौर चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज

अब्दुल गनी खान
भिवंडी महानगरपालिका के आगामी महापौर चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बगावत के सुर तेज हो गए हैं। पार्टी द्वारा अधिकृत महापौर उम्मीदवार बदलने के फैसले के बाद स्थानीय इकाई दो खेमों में बंटती नजर आ रही है।

20 फरवरी को होने वाले महापौर चुनाव से पहले भाजपा ने पहले घोषित उम्मीदवार नारायण चौधरी के स्थान पर स्नेहा मेहुल पाटिल को अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है।

भाजपा भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष रविकांत सावंत ने आधिकारिक पत्र जारी कर सभी नगरसेवकों को नए उम्मीदवार के संबंध में सूचित किया। हालांकि, इस निर्णय के तुरंत बाद पूर्व घोषित उम्मीदवार नारायण चौधरी ने पत्रकार परिषद कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें टिकट दिया, जिसके आधार पर वे नगरसेवक चुने गए और बाद में महापौर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार भी घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने उसी आधार पर नामांकन दाखिल किया था, लेकिन अचानक उम्मीदवार बदले जाने से वे और उनके समर्थक आहत हैं।


चौधरी ने दावा किया कि भाजपा के 22 नगरसेवकों में से 13 उनके साथ हैं और वे सेकुलर फ्रंट के साथ जाने पर विचार कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो महापौर चुनाव से पहले शहर की राजनीति में बड़ा उलटफेर संभव है।

गौरतलब है कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) और समाजवादी पार्टी ने मिलकर सेकुलर फ्रंट का गठन किया है। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस को 30, राकांपा (शरद) को 12 और समाजवादी पार्टी को 6 सीटें मिली थीं। इस आधार पर फ्रंट 42 सीटों के समर्थन का दावा कर रहा है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी के छह नगरसेवकों ने फ्रंट से दूरी बना ली है।

ऐसे में यदि भाजपा के 13 नगरसेवकों का समर्थन सेकुलर फ्रंट को मिलता है तो महापौर पद की बाजी पलट सकती है। वहीं, अपने ही फैसले से भाजपा अंतर्कलह का शिकार होती दिख रही है।

महापौर चुनाव से पहले उभरे इस विवाद और संभावित दल-बदल की अटकलों ने भिवंडी की सियासत को गर्मा दिया है। अब सभी की निगाहें 20 फरवरी को होने वाले मतदान और संभावित गठजोड़ों पर टिकी हैं, जो शहर की सत्ता का नया समीकरण तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *