अब्दुल गनी खान
भिवंडी। 20 फरवरी से शुरू हुई एसएससी परीक्षा के पहले दिन भिवंडी के गणेश सोसायटी स्थित स्वामी विवेकानंद हिंदी इंग्लिश हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में विद्यार्थियों का अनोखे अंदाज में स्वागत किया गया। निशांत एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित इस विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को गुलाब का फूल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

परीक्षा जैसे तनावपूर्ण माहौल में विद्यालय प्रबंधन की इस पहल ने विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। स्कूल परिसर में सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर संस्था के सचिव आर. जे. गुप्ता, सौ. पुष्पा आर. गुप्ता, निशांत आर. गुप्ता, स्कूल प्रिंसिपल एल. यू. पाल, आंबवडे सीमा मैडम, अंसारी नाजरीन मैडम, शेख गुलाब मैडम सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, आत्मविश्वास और संयम की भी कसौटी होती है। ऐसे में विद्यार्थियों को सकारात्मक ऊर्जा देना बेहद आवश्यक है।

विद्यालय की इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। छात्रों ने भी कहा कि गुलाब के साथ मिली शुभकामनाओं ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और वे पूरे उत्साह के साथ परीक्षा में शामिल हुए।

